देश के 12 राज्यों में अगस्त में 58% तक कम बारिश, 20 साल में देश पर सबसे बड़ा मॉनसूनी संकट

तीन सितंबर तक मध्य प्रदेश, ओडिशा, उत्तराखंड और हिमाचल जैसे राज्यों में अच्छी बारिश के आसार, राजस्थान-महाराष्ट्र के कई इलाके रहेंगे सूखे.

जून से लेकर सितंबर तक का समय मॉनसूनी सीजन माना जाता है. जून से लेकर 5 अगस्त तक देश के कई राज्यों में कम बारिश ने समस्या बढ़ाई. जबकि कई इलाकों में बदरा खूब बरसे. इस दौरान करीब 12% कम बारिश रिकॉर्ड की गई. वहीं एक से 29 अगस्त तक देश के 12 राज्यों में 20 से लेकर 58% तक कम बारिश हुई. 20 साल में पहली बार ऐसा संकट देखा गया. अब IMD के अगले 5 दिनों के पूर्वानुमान के अनुसार कई राज्यों में अच्छी बारिश हो सकती है, जबकि कई राज्य सूखे रह सकते हैं.

भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के डेटा के अनुसार एक जून से लेकर जुलाई के अंत तक देशभर में सामान्य से 13% कम बारिश हुई थी. अगस्त में बारिश हुई, लेकिन यह उम्मीद से कम ही रही. इसकी वजह से 29 अगस्त यह कमी बढ़कर 14% हो गई. बिहार, आंध्र प्रदेश, पंजाब जैसे खेती वाले राज्यों में बारिश न होने से हालात में सुधार नहीं आ पाया. अनियमित मॉनसून ने खरीफ फसलों (धान, अरहर, सोयाबीन, मूंगफली आदि) की बुवाई पर भी असर डाला.

28 अगस्त तक पिछले साल की इसी अवधि की तुलना में खरीफ की फसल का रकबा करीब 2% कम रहा. जुलाई के अंत के 3% के मुकाबले इसमें थोड़ा सुधार दिखा. इसी अवधि तक मक्के की बुवाई में भी पिछली बार से 4% से ज्यादा की गिरावट आई. मक्के के रकबे में यह गिरावट अहम मानी जा सकती है, क्योंकि इथेनॉल बनाने के लिए मक्के को कच्चे माल की तरह इस्तेमाल किया जाता है.

मेघालय-आंध्र प्रदेश-मणिपुर में सबसे कम बारिश : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार एक से लेकर 29 अगस्त तक देश के कई राज्यों में कम बारिश हुई. मेघालय में इस अवधि के दौरान सामान्य रूप से 550.7 मिमी बारिश रिकॉर्ड की जाती रही है, लेकिन इस दौरान 229.5 मिमी ही बारिश हुई. यानी कुल 58% की गिरावट रही. आंध्र प्रदेश का भी ऐसा ही हाल रहा. 135.1 मिमी सामान्य बारिश की तुलना में 67.4 मिमी ही बारिश हुई. यह 50% कम है. मणिपुर में 238.5 मिमी के मुकाबले 118.2 मिमी ही बारिश हुई. यहां भी बारिश में 50% की कमी रही.

देश के इन राज्यों में भी कम बारिश : आईएमडी के डेटा के अनुसार तेलंगाना, महाराष्ट्र, बिहार, अरुणाचल प्रदेश, पंजाब, गुजरात, राजस्थान, जम्मू कश्मीर और कर्नाटक में भी एक से लेकर 29 अगस्त तक कम बारिश रिकॉर्ड की गई. तेलंगाना में सामान्य के 211.9 मिमी से 112.2 मिमी ही बारिश हुई. यह 47% कम है. महाराष्ट्र में 145.8 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 45% कम है. अरुणाचल प्रदेश में 195.1 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 39% कम है.

इन राज्यों में कम हुई बरसात : मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार देश के हिमाचल प्रदेश समेत कई राज्यों में एक से लेकर 29 अगस्त तक सामान्य से थोड़ी कम बारिश हुई. हिमाचल में 204.2 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 17% कम है. उत्तराखंड में 363.3 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 2% कम है. हरियाणा में 133.8 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 5% कम है. मध्य प्रदेश में 309.9 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से केवल 1% कम है. छत्तीसगढ़ में 319.2 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 7% कम है. हालांकि इसके बावजूद ये सभी राज्य सामान्य बारिश वाली कैटेगरी में शामिल हैं.

असम-मिजोरम-तमिलनाडु में भी कम बारिश : IMD के अनुसार एक से लेकर 29 अगस्त तक असम में 255.4 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई. यह सामान्य से 19% कम है. सिक्किम में 336.4 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 14% कम है. त्रिपुरा में 284.1 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 9% कम है. मिजोरम में 353 मिमी बारिश हुई, यह सामान्य से 12% कम है. तमिलनाडु में 68.1 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 19% कम है.

लद्दाख-यूपी-नागालैंड-केरलम में ज्यादा बारिश : भारतीय मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लद्दाख, यूपी, नागालैंड और केरलम में एक से लेकर 29 अगस्त तक खूब बारिश हुई. लद्दाख में इस अवधि में 4.5 मिमी बारिश सामान्य मानी जाती है, लेकिन यहां इस दौरान 16.7 मिमी बारिश हुई. यह सामान्य से 270% ज्यादा है. इसी तरह उत्तर प्रदेश में सामान्य बारिश (225.7 मिमी) की तुलना में 274.1 मिमी बारिश हुई. यह 21% ज्यादा है. इसी क्रम में नागालैंड में सामान्य से 26% जबकि केरलम में 20% ज्यादा बारिश हुई.

3 सितंबर तक देश के राज्यों में कैसा रहेगा मौसम? : मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 30 अगस्त से लेकर 3 सितंबर तक देशभर में मौसम का मिला-जुला असर देखने को मिलेगा. ओडिशा, मध्य प्रदेश, असम, मेघालय और अरुणाचल में अच्छी बारिश हो सकती है. इससे यहां के फसलों को फायदा पहुंच सकता है. वहीं पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और पूरे राजस्थान में मॉनसून काफी सुस्त बना रह सकता है. हालांकि इन इलाकों में कुछ जगहों पर बौछारें पड़ सकती हैं. उत्तर प्रदेश और बिहार में भी हल्की बारिश हो सकती है.

देश के इलाकों में खूब बरसेंगे बदरा : मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में 3 सितंबर तक कोंकण और गोवा के तटीय इलाकों में जमकर बारिश हो सकती है. छत्तीसगढ़, महाराष्ट्र और तटीय कर्नाटक में भी बड़े पैमाने पर मॉनसूनी बौछारें पड़ सकती हैं. इससे इन इलाकों में पानी की किल्लत दूर हो सकती है. इसके अलावा मध्य महाराष्ट्र और केरलम के अधिकांश जगहों पर सामान्य बारिश होने के आसार हैं.

इस बार 20 साल में सबसे कमजोर मॉनसून : रॉयटर्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस बार पिछले 20 साल में सबसे कमजोर मॉनसून रहने की संभावना है. इस सीजन में करीब 15% तक कम बारिश होने का अनुमान है. कमजोर मॉनसून से फसलों की पैदावार प्रभावित हो सकती है. खाने-पीने की चीजों की कीमतों में भी इजाफा हो सकता है. ग्रामीणों की आय भी प्रभावित हो सकती है. देश में सालभर में जितनी भी बारिश होती है उसका करीब 70% हिस्सा इसी मॉनसूनी सीजन से आता है.

कम बारिश से ये फसलें होंगी प्रभावित : रॉयटर्स के अनुसार फसलों के पकने के लिहाज से सितंबर का महीना अहम माना जाता है. अच्छी बारिश न होने से गर्मियों मे बोई जानी वाली कपास, सोयाबीन, मक्का और दालों की पैदावार पर असर पड़ सकता है. इसके अलावा सर्दियों में गेहूं आदि की बुवाई के दौरान मिट्टी की नमी में कमी आ सकती है. मॉनसून की बारिश पर अल-नीनो का असर साफ देखा जा सकता है.

समय से पहले लौट सकता है मॉनसून : वेदर एक्सपर्ट के मुताबिक नए मौसम सिस्टम बनने पर कुछ राहत मिल सकती है. यानी सितंबर में बारिश की संभावना रहेगी, लेकिन ऐसा न होने पर देश के उत्तरी-पश्चिमी हिस्सों से मॉनसून कुछ समय पहले ही लौट सकता है. सितंबर में अल नीनो भी मजबूत हो रहा है. इससे कम बारिश की संभावना बनी रहेगी. अल नीनो दुनियाभर के मौसम के पैटर्न को प्रभावित करता है. यह दक्षिण-पूर्व एशिया और अन्य क्षेत्रों में सूखे जैसे हालात भी पैदा कर सकता है.

रिएक्ट करें
♥️  👍 👎 😊 🌸      

https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14
https://www.facebook.com/jagrukjantanews/
https://www.instagram.com/jagruk_janta/
https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hG
https://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414

Date:

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

प्रभारी सचिव गायत्री राठौड़ के नेतृत्व में अटल वन शाहपुरा में लगाए 615 पौधे

जयपुर। वन विभाग,जिला प्रशासन, पंचायती राज एवं ग्रामीण विकास...

BJP प्रत्याशी 1 सितंबर से लापता, सुराग नहीं मिला तो धरने पर बैठ गई Congress प्रत्याशी

प्रागपुरा नगर पालिका के वार्ड नंबर 32 से बीजेपी...

स्व. श्री जुगल किशोर Biyani की 24वीं पुण्यतिथि पर विशाल रक्तदान शिविर आयोजित

जयपुर। विद्याधर नगर स्थित बियानी ग्रुप ऑफ कॉलेजेस में...

Jagruk Janta Hindi News Paper 2 September 2026

रिएक्ट करें♥️ 👍 👎 😊 🌸        https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14https://www.facebook.com/jagrukjantanews/https://www.instagram.com/jagruk_janta/https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hGhttps://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414