एस्कॉर्ट कर रही किआ सोनेट कार से 13.06 ग्राम एमडी मिली, दो आरोपी गिरफ्तार; करीब 1.50 करोड़ रुपये कीमत का मादक पदार्थ बरामद

सिरोही। जिले में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत सिरोही पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस थाना पिंडवाड़ा और डीएसटी टीम की संयुक्त कार्रवाई में एक ट्रक से 1001 किलो 870 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद किया गया। वहीं, तस्करी में एस्कॉर्ट के रूप में प्रयुक्त किआ सोनेट कार से 13.06 ग्राम एमडी और 4.20 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। पुलिस ने मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर ट्रक और कार को जब्त किया है। बरामद मादक पदार्थ की कीमत पुलिस के अनुसार करीब 1.50 करोड़ रुपये है।
नेशनल हाईवे-27 पर पुलिस की नाकाबंदी
पुलिस के अनुसार, 14 सितंबर 2026 को पिंडवाड़ा पुलिस थाना क्षेत्र में ढांगा पुलिया घरट के पास नेशनल हाईवे-27 पर पुलिस टीम द्वारा नाकाबंदी की जा रही थी। पुलिस उदयपुर से पिंडवाड़ा आने वाली लेन पर वाहनों की लगातार जांच कर रही थी। इसी दौरान एक किआ सोनेट कार को रुकवाकर पूछताछ की गई। पूछताछ के दौरान कार चालक ने बताया कि वह एक ट्रक को एस्कॉर्ट करते हुए आ रहा है। इसके बाद पुलिस ने बताए गए ट्रक की तलाश शुरू की।
ट्रक की तलाशी में मिला भारी मात्रा में डोडा-पोस्त
पुलिस ने ट्रक नंबर RJ-26-GA-6486 को मोरस चौकी के सामने रुकवाकर उसकी तलाशी ली। तलाशी के दौरान ट्रक से कुल 1001 किलो 870 ग्राम डोडा-पोस्त बरामद हुआ। पुलिस ने मौके से ट्रक चालक पुखराज जाट को गिरफ्तार कर लिया। इसके बाद पुलिस ने ट्रक के साथ एस्कॉर्ट कर रही किआ सोनेट कार नंबर GJ-18-DA-0221 की भी तलाशी ली। कार से 13.06 ग्राम एमडी और 4.20 लाख रुपये नकद बरामद हुए। पुलिस ने कार को जब्त कर आरोपी भवानीसिंह जाट को गिरफ्तार किया।
बाड़मेर के रहने वाले हैं दोनों आरोपी
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपियों में भवानीसिंह पुत्र भाखाराम जाट, उम्र 41 वर्ष, निवासी महावीर नगर, बाड़मेर तथा पुखराज पुत्र शेराराम जाट, उम्र 28 वर्ष, निवासी रामसर कुआं, बाड़मेर शामिल हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/15, 22, 29 के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस अब मादक पदार्थ की खेप के स्रोत, गंतव्य और तस्करी नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों के संबंध में जांच कर रही है।
रिपोर्ट- तुषार पुरोहित सिरोही
रिएक्ट करें
♥️ 👍 👎 😊 🌸


