सभापति चुनाव से पहले गरमाई सिरोही की सियासत, भाजपा ने नामांकन खारिज करने की मांग की थी; दोनों पक्षों की दलील सुनने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने आपत्ति की खारिज

सिरोही। नगर परिषद सभापति पद के चुनाव से पहले सिरोही में सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस प्रत्याशी रितु जैन के नामांकन को लेकर भाजपा की ओर से दर्ज कराई गई आपत्ति पर गुरुवार को कलेक्ट्रेट में जमकर हंगामा हुआ। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा की आपत्ति को खारिज कर दिया। इसके बाद कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने कलेक्ट्रेट परिसर में नारेबाजी कर अपना विरोध जताया।
भाजपा ने रितु जैन के नामांकन पर जताई थी आपत्ति
नगर परिषद सभापति पद के लिए कांग्रेस की ओर से रितु जैन ने नामांकन दाखिल किया है। उनके नामांकन के खिलाफ भाजपा की ओर से दो अधिवक्ताओं ने आपत्ति दर्ज कराते हुए नामांकन खारिज करने की मांग की थी। भाजपा की आपत्ति में रितु जैन के एक रिश्तेदार के टैक्स बकाया होने का हवाला दिया गया। आपत्ति के बाद कांग्रेस की कानूनी टीम ने निर्वाचन अधिकारी के समक्ष अपना पक्ष रखा और भाजपा की आपत्ति को खारिज करने की मांग की। दोनों पक्षों की दलीलें सुनने के बाद निर्वाचन अधिकारी ने भाजपा की ओर से दर्ज आपत्ति को खारिज कर दिया।
समय को लेकर भी हुई चर्चा
आपत्ति पर जवाब देने के लिए कांग्रेस पदाधिकारियों और उनके वकील ने दोपहर 1 बजे तक का समय मांगा था। निर्वाचन अधिकारी ने उन्हें दोपहर 12:30 बजे तक का समय दिया। अधिकारी की ओर से कहा गया कि निर्वाचन संबंधी अन्य कार्य भी किए जाने हैं। निर्धारित समय पर दोनों पक्षों ने अपने-अपने दस्तावेज और दलीलें प्रस्तुत कीं।
कलेक्ट्रेट में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की नारेबाजी
निर्वाचन अधिकारी के फैसले से पहले और बाद में कलेक्ट्रेट परिसर में कांग्रेस कार्यकर्ताओं की भीड़ जुटी रही। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा की अगुवाई में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने नारेबाजी करते हुए विरोध जताया। कांग्रेस नेताओं ने प्रशासन पर दबाव बनाने और चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के प्रयास का आरोप लगाया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि नामांकन प्रक्रिया के दौरान प्रशासन को निष्पक्ष तरीके से काम करना चाहिए। वहीं, कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए कलेक्ट्रेट परिसर में भारी पुलिस जाब्ता तैनात किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष की मौजूदगी पर कांग्रेस ने उठाए सवाल
नामांकन पर आपत्ति की सुनवाई के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष रक्षा भंडारी के निर्वाचन अधिकारी कार्यालय में मौजूद रहने को लेकर भी कांग्रेस ने सवाल उठाए। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का कहना था कि जब अन्य लोगों को कार्यालय से बाहर किया गया है तो भाजपा जिलाध्यक्ष को भी कार्यालय में मौजूद नहीं रहना चाहिए। पूर्व विधायक संयम लोढ़ा ने भाजपा जिलाध्यक्ष पर निर्वाचन अधिकारी को धमकाने का आरोप लगाया। हालांकि, यह आरोप कांग्रेस नेता की ओर से लगाए गए हैं।
सभापति चुनाव से पहले बढ़ी सियासी सरगर्मी
सिरोही नगर परिषद में सभापति पद को लेकर मुकाबला अब और दिलचस्प हो गया है। नामांकन पर भाजपा की आपत्ति और उसके खारिज होने के बाद दोनों दलों के बीच राजनीतिक बयानबाजी तेज होने के आसार हैं। कलेक्ट्रेट परिसर में हुई नारेबाजी और भारी पुलिस जाब्ते की मौजूदगी ने भी चुनावी माहौल को गरमा दिया। फिलहाल, निर्वाचन अधिकारी द्वारा भाजपा की आपत्ति खारिज किए जाने के बाद कांग्रेस प्रत्याशी रितु जैन के नामांकन को लेकर उठी आपत्ति का निस्तारण हो गया है। अब सभी की नजरें नगर परिषद सभापति पद के चुनाव पर टिकी हैं।
रिपोर्ट- तुषार पुरोहित सिरोही
रिएक्ट करें
♥️ 👍 👎 😊 🌸


