
जयपुर. गॉडशिप अकादमी में स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास, गरिमा एवं देशभक्ति की भावना के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय ध्वजारोहण के साथ हुआ। विद्यालय परिसर में राष्ट्रीय ध्वज फहराया गया, जिसके बाद उपस्थित सभी लोगों ने राष्ट्रगान के साथ राष्ट्र के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना व्यक्त की। इस अवसर पर विद्यालय की प्रधानाचार्या डॉ. संगीता भौवाल, गॉडशिप फिलैंथ्रोपिक एजुकेशन सोसायटी के चेयरमैन श्री देव नंदन, उपाध्यक्ष श्री मनोज अड़सेला, संयुक्त सचिव श्रीमती जागृति अड़सेला तथा लायंस क्लब हवा महल, जयपुर के अध्यक्ष लायन श्री प्रकाश जी रावत एवं अन्य गणमान्य सदस्य उपस्थित रहे।

ध्वजारोहण के पश्चात विद्यालय की ओर से लायंस क्लब हवा महल के सभी गणमान्य सदस्यों को पौधे भेंट कर सम्मानित किया गया। इसी क्रम में क्लब अध्यक्ष एवं कार्यक्रम की कन्वेनर लायन सीमा जैन ने विद्यालय की प्रधानाचार्या, सोसायटी के चेयरमैन, उपाध्यक्ष एवं संयुक्त सचिव को दुपट्टा पहनाकर सम्मानित किया। इसके पश्चात विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने स्वतंत्रता दिवस के महत्व पर प्रेरणादायक वक्तव्य प्रस्तुत किए। वक्ताओं ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के त्याग एवं बलिदान को स्मरण करते हुए युवा पीढ़ी को देश के प्रति अपने कर्तव्यों एवं जिम्मेदारियों का बोध कराया।
समारोह का विशेष आकर्षण चेयरमैन श्री देव नंदन का विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायक एवं ज्ञानवर्धक संबोधन रहा। उन्होंने अपने विचारों के माध्यम से विद्यार्थियों को शिक्षा के माध्यम से राष्ट्र निर्माण में अपनी भूमिका समझने तथा देश के विकास में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम एवं मनमोहक नृत्य प्रस्तुतियों ने सभी का मन मोह लिया। इस अवसर पर लायंस क्लब हवा महल के अध्यक्ष ने भी विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं दीं तथा उन्हें देश के उज्ज्वल भविष्य के लिए जिम्मेदार एवं जागरूक नागरिक बनने का संदेश दिया।
समारोह का समापन विद्यालय की प्रधानाचार्या के प्रेरणादायक संबोधन के साथ हुआ। उन्होंने विद्यार्थियों में राष्ट्र के प्रति गौरव, एकता, अनुशासन एवं जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करने का आह्वान किया। गॉडशिप अकादमी का स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों एवं सामाजिक सरोकारों से परिपूर्ण एक यादगार एवं सार्थक अवसर रहा।


