कोरोना संकट : महाराष्ट्र के बीड़ और नांदेड़ में 4 अप्रैल तक टोटल लॉकडाउन, आमिर खान कोरोना संक्रमित


नई दिल्ली। एक्टर आमिर खान की कोरोना रिपोर्ट पॉजिटिव आई है। फिलहाल वे अपने घर में ही क्वारैंटाइन हो गए हैं। यह जानकारी उनके पीए ने दी है। इसके अलावा महाराष्ट्र के बीड़ और नांदेड़ में सरकार ने टोटल लॉकडाउन लगा दिया है। यह लॉकडाउन 26 मार्च से 4 अप्रैल तक जारी रहेगा।

इस दौरान शहर में मैरिज हॉल, होटल और रेस्टोरेंट बंद रहेंगे। साथ कॉलेज और स्कूल भी नहीं खोले जाएंगे। इसके अलावा सभी प्राइवेट ऑफिस भी बंद रखने और वर्क फ्रॉम होम करने के निर्देश दिए गए हैं।

24 घंटे में कोरोना के 47,239 मरीज मिले
वहीं, देश में बीते 24 घंटे में कोरोना के 47,239 मरीज मिले, 23,913 ठीक हुए और 277 की मौत हो गई। यह लगातार पांचवां दिन था, जब नए केस 40 हजार से ज्यादा रहे। मौत का आंकड़ा भी इस साल सबसे ज्यादा है। इस बीच केंद्र सरकार ने अंतरराष्ट्रीय उड़ानों पर लगी रोक को 30 अप्रैल तक के लिए बढ़ा दिया है।

देश में अब तक 1 करोड़ 17 लाख 33 हजार 594 लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1 करोड़ 12 लाख 3 हजार 16 मरीज ठीक हो चुके हैं, जबकि 1.60 लाख ने जान गंवाई है। जबकि 3.65 लाख का इलाज चल रहा है। ये आंकड़े covid19india.org से लिए गए हैं।

कोरोना अपडेट्स…

मध्यप्रदेश के गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा ने कहा है कि सरकार प्रदेश के 2-3 शहरों में हर रविवार को लॉकडाउन पर विचार कर रही है। उन्होंने कहा, ‘भोपाल और इंदौर में हर दिन 300 से 400 केस आ रहे हैं। अगर इनमें इसी तरह बढ़ोतरी होती रही तो हम पुरानी स्थिति में पहुंच जाएंगे। मैं लोगों से हाथ जोड़कर अपील करता हूं कि वे कोरोना गाइडलाइन का पालन करें।’

इधर, दिल्ली सरकार ने सभी हवाई अड्डों, रेलवे स्टेशनों, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों पर अन्य राज्यों से आने वाले यात्रियों की रैंडम टेस्टिंग (RAT / RT-PCR) अनिवार्य कर दी है। दिल्‍ली में सार्वजनिक स्थानों पर होली, शब-ए-बारात और नवरात्रि मनाने पर रोक लगा दी गई है।

उत्तर प्रदेश में होली से पहले राज्य सरकार ने कुछ निर्देश जारी किए हैं। इनमें बिना पूर्व अनुमति के कोई जुलूस नहीं निकाल सकता है। 60 वर्ष से अधिक और 10 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को किसी भी प्रकार के उत्सव में भाग लेने की अनुमति नहीं है।

कोरोना के बढ़ते मामलों को लेकर गृह मंत्रालय ने प्रभावी नियंत्रण के लिए दिशा-निर्देश जारी किया है। यह 1 अप्रैल से प्रभावी होगा और 30 अप्रैल 2021 तक लागू रहेगा। इसमें सभी राज्यों से टेस्ट, ट्रैकिंग और ट्रीट प्रोटोकॉल को सख्ती से लागू करने का निर्देश दिया गया है।

देश में कोरोना के बढ़ते मामलों के बीच वैक्सीनेशन को लेकर बड़ी खबर आ रही है। एक अप्रैल से 45 साल और इससे ऊपर के सभी लोग कोरोना वैक्सीन लगवा सकेंगे। केंद्र सरकार ने मंगलवार को यह फैसला लिया। अब तक 45 से 60 साल के बीच सिर्फ गंभीर बीमारियों वाले लोगों को ही वैक्सीन दी जा रही थी।
कोरोना महामारी के बढ़ते मामलों को देखते हुए BMC (बृहन्मुंबई महानगरपालिका) ने होली खेलने पर पाबंदी लगा दी है।

रोज सबसे ज्यादा केस वाले 11 राज्यों का हाल…

  1. महाराष्ट्र: 24 घंटे में नए केस में उछाल

यहां मंगलवार को 28,699 नए मरीज मिले। 13,165 ठीक हुए, जबकि 132 की मौत हुई। राज्य में अब तक 25.33 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 22.47 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 53,589 की मौत हुई है। यहां सोमवार की तुलना में फिर एक बार केस में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। सोमवार को 24,645 केस आए थे।

  1. पंजाब: 81% मरीजों में ब्रिटेन वाला वैरिएंट मिला

यहां मंगलवार को 2,254 नए मरीज मिले। 1,426 ठीक हुए, जबकि 53 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.17 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 1.9 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 6,435 की मौत हुई है। यहां ब्रिटेन वाले कोरोना वैरिएंट के तेजी से फैलने की खबर है। जीनाेम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए 401 सैम्पलों में 81% में ब्रिटेन में पाए गए कोरोना वैरिएंट की पुष्टि हुई है।

3. कर्नाटक: नए संक्रमितों में 24 घंटे में ही 500 से ज्यादा का उछाल

यहां मंगलवार को 2,010 नए मरीज मिले। 677 संक्रमित ठीक हुए, जबकि 5 की मौत हुई। राज्य में अब तक 9.73 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 9.45 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 12,449 की मौत हुई है। राज्य में सोमवार की तुलना में केस में उछाल आया है। सोमवार को 1,445 केस आए थे, जो मंगलवार को बढ़कर 2,010 हो गए।

  1. केरल: एक महीने में आधे हुए एक्टिव केस

यहां मंगलवार को 1,985 नए मरीज मिले। 2,172 ठीक हुए, जबकि 10 की मौत हुई। राज्य में अब तक 11 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 10.7 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,518 की मौत हुई है। चौथे दिन फिर बढ़ा संक्रमितों का आंकड़ा। यहां सोमवार को 1,238 केस आए थे, जो मंगलवार को बढ़कर 1,985 हो गए। यहां एक्टिव केस में तेजी से गिरावट आई है। 23 फरवरी को यहां 54,661 मरीजों का इलाज चल रहा था। यह संख्या घटकर 23,880 हो गई है।

  1. छत्तीसगढ़: 8 दिन में 6,393 एक्टिव केस बढ़े

यहां मंगलवार को 1,910 नए मरीज मिले। 604 ठीक हुए, जबकि 20 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.27 लाख लोग इस महामारी से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 3.13 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,982 की मौत हुई है। यहां एक्टिव केस, यानी इलाज करा रहे मरीजों की संख्या में बीते आठ दिन में 6,393 की बढ़ोतरी हुई है। यहां 14 मार्च को 4098 एक्टिव केस थे जो 23 मार्च को बढ़कर 10,491 हो गए।

  1. गुजरात: लगातार 22वें दिन बढ़े केस

यहां मंगलवार को 1,730 नए कोरोना मरीज मिले। 1,255 मरीज ठीक हुए, जबकि 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.9 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.77 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 4,458 मरीजों की मौत हुई है। यहां 28 फरवरी को 407 केस आए थे तब से इनमें हर दिन बढ़ोतरी दर्ज की जा रही है।

  1. मध्यप्रदेश: 50% केस सिर्फ इंदौर और भोपाल में ही

यहां मंगलवार को 1,502 नए मरीज मिले। 798 ठीक हुए, जबकि 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.78 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.65 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 3,912 की मौत हुई है। राज्य में इंदौर में 387, जबकि भोपाल में 362 नए मरीज मिले।

  1. तमिलनाडु: 25% आबादी की टेस्टिंग हुई

यहां मंगलवार को 1,437 नए मरीज मिले। 902 ठीक हुए, जबकि 9 की मौत हुई। राज्य में अब तक 8.69 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 8.48 लाख ठीक हुए हैं, जबकि 12,618 की मौत हो चुकी है। तमिलनाडु की आबादी 7 करोड़ 60 लाख है, इनमें से अब तक 1 करोड़ 90 लाख टेस्टिंग हो चुकी है।

  1. दिल्ली: 23 दिन में नए केस में 1,000 का उछाल

यहां मंगलार को 1,101 नए केस आए। 620 मरीज ठीक हुए और 4 संक्रमितों की मौत हुई। यहां अब तक 6.49 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं, 6.34 लाख ठीक हुए हैं और 10,967 ने जान गंवाई है। अभी 4,411 का इलाज चल रहा है। यहां 1 मार्च को 175 केस आए थे, यानी 23 दिन में ही यहां 1,000 से ज्यादा का उछाल आया है।

  1. हरियाणा: एक महीने में 5,000 से ज्यादा एक्टिव केस बढ़े

यहां मंगलवार को 895 नए मरीज मिले, 441 ठीक हुए और 3 की मौत हुई। राज्य में अब तक 2.81 लाख लोग इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 2.72 लाख ठीक हो चुके हैं और 3,104 की मौत हो चुकी है। राज्य में अभी 6,146 मरीजों का इलाज चल रहा है। यहां 19 फरवरी को एक्टिव केस घटकर 819 हो गए थे। यानी बीते करीब एक महीने में इनमें 5,000 से ज्यादा का उछाल आया है।

  1. राजस्थान: एक महीने में 76 से 400 के पार हुए नए केस

यहां मंगलवार को 480 संक्रमितों की पहचान हुई। 220 मरीज ठीक हुए और 4 की मौत हुई। राज्य में अब तक 3.26 लाख मरीज इस महामारी की चपेट में आ चुके हैं। इनमें से 3.19 लाख ठीक हो चुके हैं, जबकि 2,807 ने जान गंवाई है। यहां 23 फरवरी को 76 केस आए थे जो 23 मार्च को बढ़कर 480 के करीब पहुंच गए हैं। यानी इनमें 400 से ज्यादा की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।


Jagruk Janta

Hindi News Paper

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Next Post

साल 2021 में पहली बार सस्ता हुआ पेट्रोल-डीजल

Wed Mar 24 , 2021
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कच्चे तेल ( crude oil ) की कीमतों में कमी से बुधवार को सरकारी तेल कंपनियों ( goverment oil companies ) ने बड़े दिनों बाद पेट्रोल ( petrol ) और डीजल ( diesal ) की कीमतों में […]

You May Like

Breaking News