कांग्रेस अध्यक्ष नहीं बनेंगे राहुल:जयराम रमेश बोले- 30 सितंबर तक राहुल यात्रा पर

दिल्ली में सिर्फ सोनिया से मिलेंगे, शेड्यूल में नॉमिनेशन नहीं

नई दिल्ली। कांग्रेस में नए अध्यक्ष के नामों को लेकर सियासी अटकलें तेज हैं। इसी बीच पार्टी महासचिव जयराम रमेश ने बुधवार को कहा- राहुल गांधी नामांकन के दौरान भारत जोड़ो यात्रा पर रहेंगे और वे दिल्ली नहीं जाएंगे। रमेश के इस बयान के बाद यह तय हो गया है कि राहुल पार्टी के अध्यक्ष पद की कमान नहीं संभालेंगे।

कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव को लेकर दिल्ली में भी हलचल शुरू हो गई है। राजस्थान के सीएम अशोक गहलोत आज सोनिया गांधी से मुलाकात करने पहुंचे हैं। वहीं, सांसद शशि थरूर सुबह कांग्रेस मुख्यालय पहुंचे और सेंट्रल इलेक्शन अथॉरिटी से मुलाकात की। पार्टी के दोनों वरिष्ठ नेता अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं।

राहुल 23 को सोनिया से मिलेंगे, नए अध्यक्ष के नाम पर चर्चा संभव
राहुल गांधी 23 सितंबर को भारत जोड़ो यात्रा से ब्रेक लेकर दिल्ली आएंगे। रमेश ने कहा कि राहुल अपनी मां सोनिया से मिलेंगे। रिपोर्ट्स के मुताबिक राहुल इस दौरान सोनिया से नए अध्यक्ष के नाम को लेकर चर्चा कर सकते हैं। सोनिया गांधी ने 20 सितंबर को संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल को केरल से वापस बुलवाया था।

राहुल अध्यक्ष क्यों नहीं बनेंगे, 2 पॉइंट में समझिए

  • कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए नामांकन 24 सितंबर से 30 सितंबर तक दिल्ली मुख्यालय में होगा। कैंडिडेट को फेस-टु-फेस नामांकन फाइल करना होगा।
  • जयराम रमेश के मुताबिक राहुल गांधी 24 सितंबर से 30 सितंबर तक भारत जोड़ो यात्रा पर रहेंगे। इस बीच वे दिल्ली नहीं जाएंगे।

24 साल बाद गैर-गांधी के हाथ में जाएगी कांग्रेस की कमान
राहुल के चुनाव नहीं लड़ने के बाद कांग्रेस की कमान गैर-गांधी के हाथ में जाना तय माना जा रहा है। 1998 में सीताराम केसरी को हटाकर सोनिया गांधी कांग्रेस की अध्यक्ष चुनी गई थीं। उसके बाद 2017 में राहुल कांग्रेस अध्यक्ष बने थे, लेकिन 2019 में उन्होंने पद छोड़ दिया था। 2019 के बाद से सोनिया अंतरिम अध्यक्ष के तौर पर कांग्रेस की कमान संभाल रही हैं, लेकिन हेल्थ इश्यू की वजह से उन्होंने अध्यक्ष बनने से इनकार कर दिया है।

गहलोत सोनिया से मिलने दिल्ली पहुंचे, 26 को नामांकन कर सकते हैं

राहुल गांधी के इनकार के बाद कांग्रेस अध्यक्ष की रेस में राजस्थान के CM अशोक गहलोत का नाम सबसे आगे है। बुधवार को गहलोत कांग्रेस के अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से मिलने दिल्ली पहुंचे हैं। दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि हाईकमान का जो आदेश होगा, वो मानूंगा। मंगलवार रात जयपुर में कांग्रेस विधायकों से गहलोत ने कहा कि अगर राहुल नहीं मानेंगे तो मैं नामांकन दाखिल कर सकता हूं।

कांग्रेस अध्यक्ष के चुनाव से जुड़े अहम बयान…

10 डेलीगेट्स का समर्थन लेकर कोई भी कांग्रेस अध्यक्ष के लिए नामांकन दाखिल कर सकता है। अशोक गहलोत अगर नामांकन करना चाहेंगे तो वे सीएम पद पर रहकर भी पर्चा दाखिल कर सकते हैं – मधुसूदन मिस्त्री, चेयरमैन, कांग्रेस इलेक्शन कमेटी।
कांग्रेस में चुनाव लड़ने के लिए पार्टी के सभी प्रतिनिधि स्वतंत्र हैं। संगठन के कुछ काम बाकी थे, इसलिए मैं सोनिया गांधी जी से मिलने आया था। सोनिया जी ने सही तरीके से चुनाव कराने के लिए कहा है। – केसी वेणुगोपाल, कांग्रेस संगठन महासचिव।
अधिकांश राज्यों ने कहा है कि राहुल गांधी को कांग्रेस अध्यक्ष होना चाहिए। वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं ये उनका फैसला है, लेकिन एक बात तय है कि 17 अक्टूबर को जब वोटिंग होगी तब पार्टी को नया अध्यक्ष मिलेगा। – सचिन पायलट, राजस्थान के टोंक से कांग्रेस विधायक।
जब हाईकमान नॉमिनेट करती है, तब दो पद की बात आती है। यह ओपन चुनाव है। इसमें कोई भी खड़ा हो सकता है। इसमें कोई भी विधायक, सांसद, मंत्री चुनाव लड़ सकते हैं। अगर कोई राज्य का मंत्री कहता है कि वह चुनाव लड़ना चाहता है, तो वह भी लड़ सकता है। वह मंत्री भी रह सकता है। – अशोक गहलोत, मुख्यमंत्री, राजस्थान

राहुल ने कहा था- चुनाव बाद इस पर बात करूंगा
भारत जोड़ो यात्रा के दौरान 9 सितंबर को तमिलनाडु में प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान राहुल ने कहा था कि वे चुनाव लड़ेंगे या नहीं, इस पर बाद में बात करेंगे। उन्होंने आगे कहा- मैंने इस पर अपना फैसला कर लिया है, मेरे मन में अब कोई भ्रम नहीं है। अगर मैं चुनाव नहीं लड़ा, तो आपको इसकी वजह भी बता दूंगा।

राजस्थान-गुजरात समेत 9 राज्यों का राहुल को अध्यक्ष बनाने का प्रस्ताव
इधर, राजस्थान और गुजरात समेत 9 राज्यों ने राहुल को कांग्रेस अध्यक्ष बनाने के लिए प्रस्ताव पास किया है। कांग्रेस कमेटियों ने यह प्रस्ताव हाईकमान को भेजा है। प्रस्ताव को लेकर जयराम रमेश ने कहा कि इस तरह के कदम का ज्यादा प्रभाव नहीं है।

19 अक्टूबर को मिलेगा कांग्रेस को नया अध्यक्ष, नोटिफिकेशन कल जारी होगा
कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए 17 अक्टूबर को वोटिंग होगी और 19 अक्टूबर को काउंटिंग होगी। चुनावी शेड्यूल के मुताबिक 22 सितंबर को चुनाव संबंधी नोटिफिकेशन जारी होगा। 24 सितंबर से 30 सितंबर तक नॉमिनेशन किया जा सकेगा। हालांकि अगर अध्यक्ष पद के लिए सिर्फ एक उम्मीदवार होता है तो ऐसी स्थिति में रिजल्ट की घोषणा 30 सितंबर को ही की जा सकती है।

Date:

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Jagruk Janta Hindi News Paper 1 April 2026

Jagruk Janta 1 April 2026Download रिएक्ट करें♥️ 👍 👎 😮जागरूक...

डॉ. जितेन्द्र कुमार सोनी को मिली मुख्यमंत्री सचिव की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी

लो प्रोफाइल, निर्विवादित एवं संवेदनशील छवि के अधिकारी हैं...

Jagruk Janta Hindi News Paper 25 March 2026

Jagruk Janta 25 March 2026Download जागरूक जनता व्हाट्सएप चैनल को...

Jagruk Janta Hindi News Paper 11 March 2026

Jagruk Janta 11 March 2026Download जागरूक जनता व्हाट्सएप चैनल को...