देश के कई हिस्सों में बाढ़

महाराष्ट्र में बाढ़ से जुड़े हादसों में 136 मौतें, कर्नाटक के 7 जिलों में रेड अलर्ट; गोवा के कई शहर पानी में डूबे

मुंबई/नई दिल्ली। महाराष्ट्र में शनिवार को भी बारिश का कहर जारी है। गुरुवार शाम से लेकर अब तक बारिश से जुड़ी अलग-अलग घटनाओं में 136 लोगों की मौत हो चुकी है। बुरी तरह प्रभावित ठाणे, रायगढ़, रत्नागिरी, सतारा, सांगली और कोल्हापुर जिलों से 8 हजार से ज्यादा लोगों को NDRF, नेवी और आर्मी ने रेस्क्यू किया है। 200 से ज्यादा गांवों का प्रमुख इलाकों से संपर्क टूट गया है।

गोवा से सटे महाराष्ट्र के इलाकों में अगले दो दिन बारिश का रेड अलर्ट है। यहां 6 जिलों में NDRF की 18 टीमों को तैनात किया गया है। 8 टीमें अलर्ट पर हैं। 2 टीमें रायगढ़ में शुक्रवार को हुई लैंड स्लाइड वाली जगह पर रेस्क्यू में जुटी हैं। इसके अलावा रायगढ़ में नेवी और कोल्हापुर, रत्नागिरी में आर्मी की मदद से रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया जा रहा है।

कोंकण रूट पर ट्रेनों की आवाजाही शुरू हुई
कोल्हापुर के कई हिस्सों में सड़कों पर पानी भर गया है। कोंकण रेल मार्ग शनिवार से फिर शुरू हो गया है। पटरियां पानी में डूबने की वजह से शुक्रवार को इस पर ट्रेनों की आवाजाही बंद कर दी गई थी।

पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर 20 किलोमीटर लंबा जाम
महाड़ में बाढ़ का पानी तो निकल गया है, लेकिन अभी भी तबाही के निशान सड़कों पर नजर आ रहे हैं। भारी बारिश के कारण किणी टोल प्लाजा के पास पुणे-बेंगलुरु हाईवे बंद है। इस पर 20 किलोमीटर तक वाहनों की लंबी कतार नजर आ रही है।

रायगढ़ में मरने वालों का आंकड़ा 44 तक पहुंचा
भारी बारिश की वजह से महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले में भूस्खलन से मरने वालों की संख्या 44 हो गई है। शुक्रवार को तलाई गांव से 32 शव बरामद हुए, जबकि अन्य आसपास के गांव में मिले। प्रशासन ने यहां NDRF के साथ मिलकर सर्च और रेस्क्यू ऑपरेशन तेज कर दिया है।

पोलाडपुर लैंडस्लाइड में 6 शव बरामद
रत्नागिरी के पोलाडपुर तालुका के गोवेले पंचायत में गुरुवार रात करीब 10 बजे भूस्खलन हुआ। खबर है कि करीब 10 घर इसकी चपेट में आए हैं।। मौके से 6 शव बरामद किए गए हैं। 10 लोगों को बचा लिया गया है। सतारा के कलेक्टर शेखर सिंह ने बताया कि पाटन में लैंडस्लाइड के बाद 30 लोग लापता हैं। 300 लोगों को बचा लिया गया है। उधर, चिपलून के कोविड अस्पताल में पानी भरने से यहां भर्ती 8 मरीजों की मौत हो गई।

पीएम ने मृतकों के परिजनों को आर्थिक मदद दी
लैंडस्लाइड से जान गंवाने वालों के परिजन को मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने 5-5 लाख और केंद्र ने 2-2 लाख रुपए मुआवजा देने का ऐलान किया है। घायलों को 50-50 हजार रुपए की सहायता राशि दी जाएगी।

कर्नाटक के 7 जिलों में बारिश को लेकर रेड अलर्ट
कर्नाटक में पिछले 24 घंटों में भारी बारिश हुई। कई इलाकों में बाढ़ आ गई। तीन लोगों की मौत की खबर है। दो लापता हैं। कम से कम 8 जगहों पर भूस्खलन हुआ है। बाढ़ प्रभावित इलाकों से 9,000 से अधिक लोगों को निकाला जा चुका है। राज्य के 7 जिलों- दक्षिण कन्नड़, उडुप्पी, उत्तर कन्नड़, शिवमोगा, चिकमंगलूर, हासन और कोडागु में बारिश का रेड अलर्ट है।

गोवा में दशकों बाद भीषण बाढ़ आई
गोवा में शुक्रवार को भारी बारिश की वजह से सड़कें और पुल पानी में डूब गए। यहां दशकों बाद इतनी भयानक बाढ़ आई है। इससे करोड़ों की संपत्ति को नुकसान पहुंचा है। 400 से अधिक लोगों को सुरक्षित जगहों पर पहुंचाया गया है। लैंडस्लाइड और नदी के उफान से दो ट्रेनें भी पटरी से उतर गईं। यहां अगले अगले तीन दिन तक भारी बारिश का अनुमान है।

मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने बताया कि बाढ़ से सत्तारी और बिचोलिम, पोंडा, धारबंदोरा, बारडेज और पेरनम तालुका बुरी तरह से प्रभावित हैं, जबकि अन्य इलाकों में भी इससे क्षति हुई है। उन्होंने बताया कि धारबंदोरा में एक महिला की मौत की सूचना मिली है लेकिन इसकी वास्तविक वजह की पुष्टि नहीं हो पाई है।

सीएम ने ट्वीट में पीएम मोदी को टैग करते हुए लिखा कि लगातार बारिश के कारण गोवा में बाढ़ की स्थिति बन गई है। प्रधानमंत्री ने राज्य को पूर्ण समर्थन और सहायता देने का आश्वासन दिया है।

बिहार के सुपौल में बांध टूटा
बिहार के सुपौल में कोसी नदी के तेज बहाव से सिकरहट्टा-मझारी बांध शुक्रवार को टूट गया। बाढ़ का पानी दर्जनों गांव में घुस गया। डीएम, एसपी और विभाग के चीफ इंजीनियर मौके पर कैंप कर रहे हैं। लोग NH-57 पर शरण लिए हुए हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, बांध का जो हिस्सा टूटा वहां कई दिनों से दबाव बना हुआ था, लेकिन जलसंसाधन विभाग ने ध्यान नहीं दिया। RJD के पूर्व विधायक यदुवंश यादव ने आरोप लगाया कि विभाग ने इसे जान बूझकर तोड़ा है ताकि काम के नाम पर लूट की जा सके।

Date:

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Jagruk Janta Hindi News Paper 3 June 2026

Jagruk Janta 3 June 2026Download रिएक्ट करें♥️ 👍 👎 😮जागरूक...

AI से आ रहा है शिक्षा में बदलाव

ASSOCHAM ने किया 'राजस्थान एजुकेशन समिट 2026' का आयोजन जयपुर।...

ASSOCHAM द्वारा जयपुर में राजस्थान एजुकेशन समिट 2026 का आयोजन

जयपुर । ASSOCHAM राजस्थान स्टेटडेवलपमेंट काउंसिल द्वारा The Lalit...