
नई दिल्ली: विजयादशमी के अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को पूर्वी दिल्ली के आईपी एक्सटेंशन स्थित उत्सव ग्राउंड में श्री रामलीला कमेटी इंद्रप्रस्थ की ओर से आयोजित रामलीला में शामिल हुए. इस दौरान उन्होंने भगवान राम, लक्ष्मण और हनुमान की आरती की. उनके पूर्वी दिल्ली आने पर स्थानीय सांसद एवं केंद्रीय राज्य मंत्री हर्ष मल्होत्रा सहित अन्य पदाधिकारियों ने खुशी जताई और आभार व्यक्त किया.
पीएम नरेंद्र मोदी ने देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आज भारत का कोना-कोना राममय है. गांवों से लेकर शहरों तक रामलीलाओं का आयोजन हो रहा है. उन्होंने कहा कि रामलीला केवल त्योहार नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के आदर्शों को जीवंत रखने की परंपरा और असत्य पर सत्य की विजय में विश्वास का प्रतीक है. प्रधानमंत्री ने कहा कि भगवान राम का जीवन सिखाता है कि कठिनाइयां कितनी भी बड़ी हों, सत्य और नेकी का रास्ता नहीं छोड़ना चाहिए. उन्होंने निषादराज को गले लगाने और माता शबरी को सम्मान देने के प्रसंगों का उल्लेख करते हुए कहा कि भगवान राम ने दया, करुणा, प्रेम और सौहार्द के आदर्श स्थापित किए.
साथ ही उन्होंने रामराज्य की अवधारणा को सुशासन का उदाहरण बताते हुए कहा कि ऐसी व्यवस्था में किसी के साथ भेदभाव नहीं होता, सभी को न्याय और समान अवसर मिलते हैं और सत्ता का उद्देश्य जनकल्याण होता है. उन्होंने गरीबों और वंचितों की सेवा को सर्वोपरि रखने तथा नागरिकों को सम्मान देने की आवश्यकता पर जोर दिया. विकसित भारत और आत्मनिर्भर भारत के लक्ष्य को हासिल करने के लिए देश को अपनी क्षमताओं, संसाधनों और सामूहिक शक्ति पर भरोसा करना होगा. भगवान राम ने जनभागीदारी और उपलब्ध संसाधनों के सही उपयोग से कठिन लक्ष्यों को हासिल करने की प्रेरणा दी है. इसी भावना से देश को आगे बढ़ना चाहिए.
वहीं अपनी सांस्कृतिक विरासत के बारे में बताते हुए प्रधानमंत्री ने कहा कि बीते 12 वर्षों में 650 से अधिक प्राचीन मूर्तियां भारत वापस लाई गई हैं. उन्होंने सांस्कृतिक धरोहरों को वैश्विक पहचान दिलाने के प्रयासों का भी उल्लेख किया. साथ ही विजयादशमी को साहस और सत्य की जीत का पर्व बताते हुए देशवासियों से राष्ट्रहित में एकजुट रहने का आह्वान किया. अंत में उन्होंने जय सियाराम और भारत माता की जय के उद्घोष के साथ देशवासियों को विजयादशमी की शुभकामनाएं दीं.
रिएक्ट करें
♥️ 👍 👎 😊 🌸
https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14
https://www.facebook.com/jagrukjantanews/
https://www.instagram.com/jagruk_janta/
https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hG
https://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414


