राज्यसभा चुनाव: कांग्रेस के 4 और भाजपा के 14 उम्मीदवारों समेत कुल 36 निर्विरोध निर्वाचित, ये है राज्यवार सूची….

राजस्थान में जहां राज्यसभा के चुनाव को लेकर राजनीतिक सरगर्मियां चरम पर हैं और खुद मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की साख दांव पर लगी है वहीं अब तक 36 उम्मीदवार निर्विरोध चुन लिए गए हैं।राज्यसभा में कुल 57 सीटें खाली थीं। ये सीटें आंध्र प्रदेश (4), राजस्थान (4), बिहार (5), छत्तीसगढ़ (2), झारखंड (2) हरियाणा (2), कर्नाटक (4), मध्य प्रदेश (3), महाराष्ट्र (6), ओडिशा (3), पंजाब (2), तेलंगाना (2), तमिलनाडु (6), उत्तराखंड (1) और उत्तर प्रदेश (11) से खाली हुई हैं। अब शेष सीटों के लिए चुनाव 10 जून को होंगे।

जयपुर @ jagruk janta। उच्च सदन के लिए निर्धारित चुनाव की तारीख 10 जून से पहले, विभिन्न दलों के कई नेता शुक्रवार को राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए। जिन नेताओं को निर्विरोध चुना गया और उन्हें प्रमाण पत्र दिया गया, उनमें कांग्रेस के पी चिदंबरम, विवेक तन्खा, राजीव शुक्ला और रंजीत रंजन शामिल हैं; भाजपा की कविता पाटीदार और सुमित्रा वाल्मीकि ; आम आदमी पार्टी (आप) के बलबीर सिंह सीचेवाल और विक्रमजीत सिंह साहनी भी सूची में हैं। कांग्रेस नेता और वरिष्ठ वकील तन्खा मध्य प्रदेश से चुने गए थे जबकि शुक्ला और रंजन छत्तीसगढ़ से चुने गए थे। बीजेपी के वाल्मीकि और पाटीदार एमपी से चुने गए और आप के नेता पंजाब से चुने गए हैं। झारखंड से झामुमो उम्मीदवार महुआ माझी और भाजपा के आदित्य साहू उच्च सदन के लिए निर्विरोध चुने गए। बता दें, 3 जून नाम वापसी का अंतिम दिन था। यहां देखें राज्यसभा के लिए निर्विरोध चुने गए नेताओं की पूरी सूची…

मध्य प्रदेश
विवेक तन्खा (कांग्रेस)
सुमित्रा वाल्मीकि (भाजपा)
कविता पाटीदार (भाजपा)
छत्तीसगढ
राजीव शुक्ला (कांग्रेस)
रंजीत रंजन (कांग्रेस)
पंजाब
बलबीर सिंह सीचेवाल (आप)
विक्रमजीत सिंह साहनी (आप)
झारखंड
महुआ माजी (झामुमो)
आदित्य साहू (भाजपा)

उत्तर प्रदेश : भाजपा के आठ सदस्य समेत 11 निर्विरोध जीते
राज्यसभा के लिए उत्तर प्रदेश से भाजपा के आठ सदस्यों सहित 11 सदस्य निर्विरोध चुने गए हैं। चुने गए आठ भाजपा सदस्य और अन्य विजेता इस प्रकार हैं –
लक्ष्मीकांत वाजपेयी
डॉ. राधा मोहन दास अग्रवाल
सुरेंद्र नागर
डॉ. के. लक्ष्मण
मिथिलेश कुमार
बाबूराम निषाद
संगीता यादव
दर्शन सिंह
कपिल सिब्बल (सपा)
जयंत चौधरी (सपा)
जावेद (सपा)

झारखंड : झामुमो के माझी, भाजपा के साहू पहुंच राज्यसभा

झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की महुआ माझी और भाजपा के आदित्य साहू को शुक्रवार को झारखंड से राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित घोषित किया गया। माजी और साहू की संसद के उच्च सदन में यह पहली पारी होगी। राज्य की 81 सदस्यीय विधानसभा में झामुमो के 30 विधायक हैं, जबकि कांग्रेस के 17 विधायक तथा मुख्य विपक्षी दल भाजपा के 26 विधायक हैं।

बिहार : तीनों दलों को पांचों प्रत्याशी निर्विरोध निर्वाचित
बिहार से राज्यसभा की पांचों सीटों के लिए जदयू, भाजपा और राजद के प्रत्याशी शुकवार को निर्विरोध निर्वाचित हो गए। जदयू प्रत्याशी खीरू महतो, भाजपा उम्मीदवार सतीश चंद्र दूबे एवं शंभू शरण पटेल जबकि राजद प्रत्याशी मीसा भारती और डॉ. फैयाज अहमद को जीत का प्रमाणपत्र अपराह्न करीब चार बजे दिया गया।

तमिलनाडु : चिदंबरम समेत छह उम्मीदवार राज्यसभा पहुंचे
तमिलनाडु से भी नामांकन दाखिल करने वाले सभी छह उम्मीदवारों को अधिकारियों ने शुक्रवार को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया। इनमें सत्ताधारी द्रमुक के तीन उम्मीदवार भी हैं। निर्विरोध निर्वाचित होने वालों में सत्ताधारी द्रमुक के एस कल्याणसुंदरम, आर गिरिराजन और केआरएन राजेश कुमार, अन्नाद्रमुक के सीवी शनमुगम और आर धर्मर एवं कांग्रेस पार्टी के उम्मीदवार पी. चिदंबरम शामिल हैं। चिदंबरम के चयन के साथ कांग्रेस पार्टी के पास लंबे अंतराल के बाद राज्यसभा में तमिलनाडु से एक सदस्य होगा। 2016 में चिदंबरम महाराष्ट्र से राज्यसभा के लिए चुने गए थे और उनका कार्यकाल इस साल 4 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

उत्तराखंड : डॉ. कल्पना सैनी के निर्चाचन पर लगी मुहर
भाजपा नेता डॉ. कल्पना सैनी राज्यसभा के लिए निर्विरोध निर्वाचित हो गई हैं। इस तरह अब लोकसभा के साथ ही राज्यसभा की तीनों सीटें भी भाजपा के झोली में आ गई हैं। मीडिया से बातचीत में डॉ. सैनी ने कहा कि वह पार्टी नेतृत्व की कसौटी पर खरा उतरने का प्रयास करेंगी। खुद को उत्तराखंड की बेटी बताते हुए उन्होंने कहा कि वह प्रदेश की समस्याओं को राज्यसभा में उठाएंगी।

आंध्र प्रदेश : वाईएसआरसी के चार प्रत्याशी जीते
आंध्र प्रदेश से राज्यसभा के लिए हुए द्विवार्षिक चुनाव में शुक्रवार को वाईएसआर कांग्रेस (वाईएसआरसी) के चार प्रत्याशियों को निर्विरोध निर्वाचित घोषित कर दिया गया। राज्य के मुख्य निर्वाचन अधिकारी मुकेश कुमार मीणा ने यह घोषणा की। निर्वाचित उम्मीदवारों में वी. विजयसाई रेड्डी, बी. मस्तान राव, आर. कृष्णैया और एस. निरंजन रेड्डी शामिल हैं। राज्यसभा में अब वाईएसआर कांग्रेस के सदस्यों की संख्या बढ़कर नौ हो गई है। आंध्र प्रदेश से राज्यसभा की 11 सीटें हैं। उनमें से एक सीट भाजपा और एक सीट तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के पास है।

Date:

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

Jagruk Janta Hindi News Paper 4 March 2026

Jagruk Janta 4 March 2026Download जागरूक जनता व्हाट्सएप चैनल को...

शिक्षा, सेवा और संकल्प का नाम: डॉ. राजकुमार

आबूरोड़. माधव विश्वविद्यालय के चेयरमैन डॉ. राजकुमार उन शिक्षाविदों...

Jagruk Janta Hindi News Paper 25 Febuary 2026

Jagruk Janta 25 Febuary 2026Download जागरूक जनता व्हाट्सएप चैनल को...