JAIPUR FOUNDATION DAY: 1727 में सवाई जयसिंह द्वितीय ने रखी थी नींव, 9 चौकड़ियों में बसे व्यवस्थित से व्यवसायिक शहर ने दुनिया में बनाई खास पहचान

जयपुरः राजस्थान की राजधानी जयपुर आज अपनी स्थापना के 300 साल पूरे करने की दहलीज पर खड़ा है. 18 नवंबर 1727 को आमेर के तत्कालीन महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने जिस नई राजधानी की नींव रखी थी, वह आज दुनिया के प्रमुख ऐतिहासिक और सांस्कृतिक शहरों में अपनी खास पहचान रखता है.

जयपुर आज दुनिया की खूबसूरत शहरों में शुमार होता है और अपनी स्थापना के 299 बरस पूरे कर चुका है. गुलाबी रंग की इमारतें, चौड़ी सड़कें, विशाल चौपड़, व्यवस्थित बाजार, हवेलियां और पारंपरिक शिल्प यहां की पहचान हैं. जयपुर की कहानी सिर्फ एक शहर के बसने या नई राजधानी बनाए जाने की कहानी नहीं है. यह एक ऐसी दूरदर्शी सोच की कहानी है, जिसमें सत्ता के केंद्र के साथ व्यापार, कला, संस्कृति, साहित्य, वास्तुकला और शिल्पकारों के हुनर को भी बराबर महत्व दिया गया. जयपुर के शासक कच्छावा वंश के राजा थे, जो अयोध्या के राजा रामचंद्र के राजवंश में कुश की विरासत के रूप में देशभर में फैल गए.

जयपुर एक नियोजित शहरः करीब तीन शताब्दी पहले जब जयपुर को बसाने की योजना तैयार की जा रही थी, तब शहर के स्वरूप को लेकर कई स्तरों पर विचार किया गया. कहां बाजार होंगे, कहां आवासीय बस्तियां विकसित होंगी, अलग-अलग पेशों से जुड़े लोग कहां रहेंगे, सड़कों और चौपड़ों की बनावट कैसी होगी और शहर की आर्थिक गतिविधियों को कैसे बढ़ावा मिलेगा?. इन तमाम पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जयपुर को एक नियोजित शहर के रूप में विकसित किया गया. जाजम फाउंडेशन के संस्थापक विनोद जोशी के साथ बातचीत में जयपुर के इतिहास, लोकमान्यताओं, पुराने दस्तावेजों और ऐतिहासिक पुस्तकों के कई ऐसे संदर्भ सामने आए, जो इस शहर की स्थापना के पीछे की सोच को समझने में मदद करते हैं.

नई राजधानी बसाने की जरूरत क्यों पड़ी ?: विनोद जोशी ने बताया कि जयपुर की स्थापना से पहले आमेर कछवाहा शासकों की राजधानी था. पहाड़ियों के बीच बसा आमेर सामरिक और ऐतिहासिक दृष्टि से महत्वपूर्ण था, लेकिन समय के साथ बढ़ती आबादी, सीमित विस्तार और पानी की उपलब्धता जैसी चुनौतियां सामने आने लगी थीं. बदलती प्रशासनिक और आर्थिक जरूरतों के बीच एक नई राजधानी की आवश्यकता महसूस हुई. तत्कालीन महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने आमेर के आसपास मैदानी क्षेत्र में नई राजधानी बसाने का निर्णय लिया. वर्ष 1727 में जयपुर की स्थापना की गई. यह फैसला केवल राजधानी को एक स्थान से दूसरे स्थान पर स्थानांतरित करने तक सीमित नहीं था. इसके पीछे एक ऐसे शहर का निर्माण करने की सोच थी, जहां प्रशासनिक व्यवस्था के साथ व्यापार, वाणिज्य, कला और शिल्प को भी विकसित होने का अवसर मिले.

सवाई जयसिंह द्वितीय की दूरदर्शिता का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि शहर की बसावट में तत्कालीन जरूरतों के साथ भविष्य के विस्तार और आर्थिक गतिविधियों को भी ध्यान में रखा गया. यही वजह है कि जयपुर की पहचान शुरुआत से ही एक व्यवस्थित और व्यावसायिक शहर के रूप में विकसित हुई.

व्यापार, कला-शिल्प को प्राथमिकताः जयपुर की स्थापना से जुड़ा एक अहम पहलू यह है कि इसे केवल राजसत्ता और सैन्य गतिविधियों के केंद्र के रूप में विकसित नहीं किया गया. शहर की परिकल्पना में व्यापारियों, कलाकारों, शिल्पकारों और विभिन्न पेशों से जुड़े लोगों को भी महत्वपूर्ण स्थान दिया गया. विनोद जोशी बताते हैं कि तत्कालीन महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने अलग-अलग क्षेत्रों के लोगों और उनके हुनर को समझते हुए ऐसी नगरी बसाने की कल्पना की, जहां विभिन्न व्यवसायों से जुड़े लोग व्यवस्थित रूप से रह सकें और अपने काम को आगे बढ़ा सकें. गीत-संगीत, साहित्य, चित्रकारी, भवन निर्माण, धातु शिल्प, आभूषण निर्माण और अन्य पारंपरिक कलाओं से जुड़े लोगों को शहर की आर्थिक और सांस्कृतिक व्यवस्था का हिस्सा बनाया गया.

पुराने जयपुर में आज भी कई बाजारों और मोहल्लों के नाम उनके पारंपरिक व्यवसायों से जुड़े हुए हैं. यह व्यवस्था बताती है कि शहर की बसावट में पेशों और व्यापारिक गतिविधियों को विशेष महत्व दिया गया था. अलग-अलग व्यवसायों के लिए बाजारों और कामकाज के अनुकूल स्थान विकसित करने से न केवल व्यापार को बढ़ावा मिला, बल्कि शिल्पकारों की कला को भी संरक्षण मिला.

इसका एक दिलचस्प उदाहरण विनोद जोशी ने पुराने शहर के दस्तावेजीकरण के दौरान साझा किया. उन्होंने बताया कि चार दरवाजे क्षेत्र में उनकी मुलाकात स्वर्गीय हाजी समीउल्लाह से हुई थी. इस मुलाकात में उन्हें कूचा उपाड़ और वहां होने वाले पारंपरिक शिल्प कार्यों की जानकारी मिली. हाजी समीउल्लाह का परिवार सोने-चांदी पर वर्क बनाने के काम से जुड़ा रहा और अगली पीढ़ियों ने भी इस पारंपरिक हुनर को आगे बढ़ाया. यह उदाहरण बताता है कि जयपुर की पहचान केवल राजमहलों और स्मारकों से नहीं बनी, बल्कि उन कारीगरों और परिवारों ने भी इसे आकार दिया, जिन्होंने पीढ़ियों तक अपने पारंपरिक हुनर को जीवित रखा.

अयोध्या की परिकल्पना से प्रेरित था जयपुर ?: जयपुर के इतिहास से जुड़ा एक दिलचस्प और विचारणीय पहलू इसका रामायण में वर्णित अयोध्या की परिकल्पना से संबंध है. विनोद जोशी ने बातचीत के दौरान इतिहासकार हनुमान प्रसाद शर्मा की पुस्तक ‘जयपुर का इतिहास’ का संदर्भ दिया. उनके अनुसार इस पुस्तक में जयपुर की स्थापना और उसकी सामाजिक-सांस्कृतिक व्यवस्था को रामराज्य की अयोध्या के आदर्श स्वरूप से जोड़कर समझाया गया है. इस वर्णन में शहर की व्यवस्था को केवल भवनों और सड़कों तक सीमित नहीं रखा गया, बल्कि सामाजिक व्यवहार, धर्माचरण, शिष्टाचार, अतिथियों के स्वागत-सत्कार, राजदरबार, उत्सव, मेले और पहनावे जैसी व्यवस्थाओं को भी महत्वपूर्ण माना गया है. एक ऐसे आदर्श शहर की कल्पना, जहां नागरिक जीवन व्यवस्थित हो, सामाजिक मर्यादाओं का पालन हो और कला-संस्कृति को पर्याप्त स्थान मिले.

नौ चौकड़ियों में बसा जयपुर: विनोद जोशी बताते हैं कि जयपुर की सबसे बड़ी विशेषताओं में इसका व्यवस्थित नगर नियोजन शामिल है. आज जब आधुनिक शहरों में ट्रैफिक, अतिक्रमण, बाजारों की अव्यवस्था और अनियोजित विस्तार जैसी समस्याएं देखने को मिलती हैं. तब करीब 300 साल पहले तैयार जयपुर की मूल नगर योजना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उदाहरण बनकर सामने आती है. ऐतिहासिक परकोटे वाले जयपुर को नौ चौकड़ियों यानी नौ नियोजित सेक्टरों में विकसित किया गया था. शहर की सड़कों को इस तरह तैयार किया गया कि वे एक-दूसरे को समकोण पर काटें. चौड़ी सड़कें, व्यवस्थित बाजार, विशाल चौपड़ और आवासीय क्षेत्रों का नियोजन इस योजना का हिस्सा थे.

शहर की मुख्य सड़कों के दोनों ओर बाजारों और इमारतों के निर्माण में एकरूपता पर भी ध्यान दिया गया. इससे न केवल शहर का स्वरूप आकर्षक बना, बल्कि व्यापारिक गतिविधियों के संचालन में भी आसानी हुई. चौपड़ों को सार्वजनिक और व्यावसायिक गतिविधियों के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में विकसित किया गया. इस पूरी योजना को आकार देने में सवाई जयसिंह द्वितीय के साथ वास्तुकार और नगर नियोजक विद्याधर भट्टाचार्य की अहम भूमिका रही. उन्होंने पारंपरिक भारतीय वास्तु सिद्धांतों और तत्कालीन नगर नियोजन की अवधारणाओं के अनुरूप शहर की रूपरेखा तैयार करने में योगदान दिया. जयपुर का यह नियोजन इस बात का उदाहरण है कि शहर की सुंदरता और उपयोगिता को एक-दूसरे से अलग नहीं रखा गया था. बाजार, आवासीय क्षेत्र, सार्वजनिक स्थल और धार्मिक गतिविधियां एक व्यापक योजना का हिस्सा थे.

जयपुर सांस्कृतिक गतिविधियों का भी केंद्र थाः जयपुर की पहचान स्थापत्य कला और व्यापार के साथ-साथ साहित्य, संगीत, नाटक और सांस्कृतिक गतिविधियों से भी जुड़ी रही है. विनोद जोशी ने बातचीत में ‘जयपुर दर्शन’ नामक स्मारिका का उल्लेख किया, जो शहर की स्थापना के 250 वर्ष पूरे होने के अवसर से जुड़ा महत्वपूर्ण दस्तावेज बताया गया. इसमें जयपुर के इतिहास, कला, संस्कृति, साहित्य, भाषा, मनोरंजन और नगर नियोजन जैसे विषयों पर अलग-अलग विद्वानों के विचार शामिल हैं. इस तरह यह स्मारिका जयपुर की ऐतिहासिक यात्रा को केवल राजशाही और स्थापत्य के नजरिए से नहीं, बल्कि सामाजिक और सांस्कृतिक दृष्टिकोण से भी समझने का अवसर देती है.

इसी क्रम में ‘जयपुर वैभव’ नामक पुस्तक का भी उल्लेख हुआ, जिसे संस्कृत के विद्वान मंजूनाथ शास्त्री से जोड़ा गया. बातचीत के अनुसार इसमें जयपुर की सांस्कृतिक गतिविधियों और नाट्य परंपरा से जुड़े संदर्भ मिलते हैं. विशेष रूप से रामप्रकाश नाट्यगृह का उल्लेख महत्वपूर्ण है. यहां संस्कृत नाटकों के मंचन और सांस्कृतिक आयोजनों की परंपरा रही. राजदरबार में आने वाले विशिष्ट अतिथियों के मनोरंजन और सांस्कृतिक परिचय के लिए नाट्य प्रस्तुतियों की व्यवस्था भी जयपुर के सांस्कृतिक जीवन का हिस्सा थी.

जयपुर की आर्थिक और राजकीय पहचानः किसी भी शहर का इतिहास उसकी इमारतों और शासकों के अलावा उसकी मुद्रा व्यवस्था में भी दर्ज होता है. जयपुर की आर्थिक और राजकीय पहचान को समझने के लिए यहां प्रचलित सिक्के और टकसाल की परंपरा महत्वपूर्ण संदर्भ हैं. विनोद जोशी ने बातचीत के दौरान विलियम विल्फ्रेड वेब की वर्ष 1893 में प्रकाशित पुस्तक ‘The Currencies of the Hindu States of Rajputana’ का उल्लेख किया. इस पुस्तक में राजपूताना की विभिन्न रियासतों की मुद्रा व्यवस्था का विवरण और सिक्कों के चित्र दिए गए हैं. इसमें जयपुर की मुद्रा और सिक्कों से संबंधित जानकारी भी शामिल है. जयपुर में झाड़शाही सिक्कों का प्रचलन यहां की राजकीय मुद्रा व्यवस्था का महत्वपूर्ण हिस्सा रहा. इन सिक्कों के माध्यम से तत्कालीन शासन, व्यापारिक गतिविधियों और आर्थिक व्यवस्था को समझा जा सकता है.

जयपुर की अपनी टकसाल और मुद्रा व्यवस्था होने का महत्व केवल लेन-देन तक सीमित नहीं था. यह रियासत की स्वतंत्र राजकीय पहचान और आर्थिक व्यवस्था का भी प्रतीक थी. पुराने सिक्के आज इतिहासकारों और शोधकर्ताओं के लिए उस दौर की अर्थव्यवस्था को समझने के महत्वपूर्ण स्रोत हैं.

लोकमानस में जयपुर की अलग पहचानः जयपुर का आकर्षण केवल राजमहलों, बाजारों और ऐतिहासिक इमारतों तक सीमित नहीं रहा. इस शहर की प्रतिष्ठा दूर-दराज के गांवों और ढाणियों तक फैली हुई थी. बातचीत के दौरान विनोद जोशी ने अपने बचपन की एक याद साझा की. उन्होंने बताया कि जब वह पहली बार पढ़ाई के लिए अपने गांव से जयपुर आ रहे थे, तब उनकी मां ने उनसे कहा था कि बेटा, तू जयपुर जा रहा है? अगर जयपुर नहीं देखा तो फिर क्या देखा? यह एक सामान्य पारिवारिक बातचीत का हिस्सा जरूर था, लेकिन इसके पीछे जयपुर को लेकर ग्रामीण समाज में मौजूद आकर्षण और प्रतिष्ठा की झलक दिखाई देती है.

जयपुर को लोकमानस में छोटी काशी के रूप में भी पहचान मिली. यहां के मंदिर, धार्मिक परंपराएं, उत्सव, संस्कृत अध्ययन और सांस्कृतिक गतिविधियां इस पहचान को मजबूत करती रही हैं. वहीं, समय के साथ गुलाबी रंग की इमारतों और बाजारों के कारण शहर को पिंक सिटी यानी गुलाबी शहर के नाम से अंतरराष्ट्रीय पहचान मिली. इस तरह जयपुर की पहचान में धार्मिक परंपरा, सामाजिक जीवन, कला, व्यापार और स्थापत्य का अनूठा मेल दिखाई देता है.

विश्व धरोहर सूची में शामिल हुआ जयपुर का परकोटाः जयपुर की ऐतिहासिक और स्थापत्य विरासत को अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी मान्यता मिली है. वर्ष 2019 में यूनेस्को ने जयपुर के परकोटे को विश्व धरोहर सूची में शामिल किया. इसके पीछे शहर का अनूठा नगर नियोजन, ग्रिड आधारित सड़क व्यवस्था, चौपड़, बाजारों की एकरूपता, ऐतिहासिक वास्तुकला और जीवंत शिल्प परंपराएं महत्वपूर्ण आधार रहीं.

विनोद जोशी बताते हैं कि जयपुर ने करीब तीन शताब्दियों में कई बदलाव देखे हैं. राजशाही से लोकतांत्रिक व्यवस्था तक, पारंपरिक शिल्प से आधुनिक व्यापार तक और सीमित परकोटे वाले शहर से विस्तृत महानगर तक का सफर इसने तय किया है. शहर का भौगोलिक विस्तार लगातार बढ़ा है, लेकिन इसके पुराने हिस्से में आज भी सवाई जयसिंह द्वितीय की दूरदर्शिता और विद्याधर भट्टाचार्य की नगर नियोजन की सोच दिखाई देती है.

https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14
https://www.facebook.com/jagrukjantanews/
https://www.instagram.com/jagruk_janta/
https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hG
https://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414

Date:

Share post:

Subscribe

spot_imgspot_img

Popular

More like this
Related

299 साल का हुआ जयपुर, गंगापोल गेट पर मेयर ने की गणेश जी की पूजा, हेलीकॉप्टर से पुष्प वर्षा

जयपुर स्थापना दिवस पर आयोजित कवि सम्मेलन में कवियों...

Jagruk Janta Hindi News Paper 18 November 2026

Jagruk Janta 18 November 2026Download ♥️               https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14https://www.facebook.com/jagrukjantanews/https://www.instagram.com/jagruk_janta/https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hGhttps://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414

Jagruk Janta Hindi News Paper 11 November 2026

Jagruk Janta 11 November 2026Download रिएक्ट करें♥️ 👍 👎 😊...

Hathoj धाम में पांच दिवसीय दीपोत्सव महोत्सव, Dhanteras से अन्नकूट तक होंगे धार्मिक आयोजन

धनतेरस पर भगवान धन्वंतरि की पूजा-अर्चना एवं औषधीय सामग्री...