
जयपुर। बकरा ईद (ईद-उल-अजहा) के अवसर पर गुरुवार को राजधानी जयपुर के दिल्ली बाईपास स्थित ईदगाह में बड़ी संख्या में लोगों ने नमाज अदा की। नमाज के बाद राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी की ओर से ईदगाह के बाहर गोवंश संरक्षण को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन के दौरान गाय को राष्ट्रीय पशु घोषित करने तथा गोवंश संरक्षण के लिए देशभर में सख्त कानून लागू करने की मांग उठाई गई।
प्रदर्शन में शामिल लोगों ने सामाजिक सौहार्द, भाईचारे और शांति का संदेश देते हुए कहा कि गाय भारतीय संस्कृति, आस्था और सामाजिक मूल्यों का महत्वपूर्ण प्रतीक है, इसलिए गोवंश को पूर्ण सुरक्षा मिलनी चाहिए। प्रदर्शनकारियों ने गोहत्या करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई और सख्त सजा की मांग भी रखी।
राजस्थान हज वेलफेयर सोसाइटी के महासचिव हाजी शेख निजामुद्दीन ने केंद्र सरकार से मांग करते हुए कहा कि गाय को राष्ट्र पशु घोषित किया जाए और गोवंश संरक्षण को लेकर पूरे देश में एक समान कानून लागू किया जाए। उन्होंने कहा कि इस विषय पर राजनीति समाप्त होनी चाहिए और गोसंरक्षण को राष्ट्रीय अभियान के रूप में आगे बढ़ाया जाना चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि ईद-उल-अजहा केवल कुर्बानी का त्योहार नहीं बल्कि मानवता, करुणा और आपसी भाईचारे का संदेश देने वाला पर्व है। आयोजन में मौजूद लोगों ने गोसंरक्षण के समर्थन में नारे लगाए और समाज व सरकार से मिलकर गोवंश संरक्षण के लिए कार्य करने की अपील की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस और प्रशासन की ओर से सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। आयोजकों ने कहा कि उनका उद्देश्य शांतिपूर्ण तरीके से अपनी मांग सरकार और प्रशासन तक पहुंचाना है। आयोजन के माध्यम से गोवंश संरक्षण के साथ सामाजिक जागरूकता और सौहार्द का संदेश देने का प्रयास किया गया।
रिएक्ट करें
♥️ 👍 👎 😮
जागरूक जनता व्हाट्सएप चैनल को फॉलो करें
https://whatsapp.com/channel/0029VabCX4VDOQIUcf0b4w14
जागरूक जनता WhatsApp Group को Join करें…
https://chat.whatsapp.com/I7ImEiiBWrJIRP9LTTv2hG
जागरूक जनता के youtube पेज को सब्सक्राइब जरूर करें
https://www.youtube.com/@jagrukjantahindinewspaper7414


